सरगुजा संभाग में खेलों का महाकुंभ सरगुजा ओलंपिक इस बार नए रिकॉर्ड बना रहा है। युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने के लिए आयोजित इस स्पर्धा में 4,16,813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। दिलचस्प बात यह है कि खेलों में महिलाओं ने बाजी मारी है। कुल 2,42,929 महिला एथलीटों ने फॉर्म भरा है, जो पुरुष खिलाड़ियों 1,73,884 की तुलना में करीब 40 प्रतिशत अधिक है। संभाग के सभी छह जिलों में विकासखंड स्तरीय मुकाबले 1 से 10 अक्टूबर के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं और अब विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर अपनी चुनौती पेश करेंगे। कोरिया, सरगुजा और बलरामपुर-रामानुजगंज में 3 से 5 नवंबर तथा सूरजपुर में 4 व 5 नवंबर को जिला स्तरीय स्पर्धाएं होंगी। जशपुर में मुकाबले 30 अक्टूबर तक चलेंगे, जबकि मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में यह चरण पूरा हो चुका है। हॉकी व कुश्ती के सीधे जिला स्तरीय मैच रखे गए हैं। जिला स्तर के विजेता 15 से 20 नवंबर तक प्रस्तावित संभाग स्तरीय महासमर में ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगे। प्रतियोगिता दो वर्गों जूनियर (14 से 17 वर्ष) और सीनियर में आयोजित हो रही है, जिसमें सीनियर वर्ग में आयु का कोई बंधन नहीं है। कुल 12 खेलों में खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे। पंजीयन में 99,322 खिलाड़ियों के साथ सूरजपुर जिला शीर्ष पर है, जबकि बलरामपुर-रामानुजगंज 91,995 और सरगुजा 90,116 खिलाड़ियों के साथ क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। जशपुर से 74,809, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 33,676 और कोरिया से 26,895 खिलाड़ियों ने नामांकन कराया है। Source: Source Post navigation NBA ट्रेड रुमर: मियामी हीट की नजर 119 मिलियन डॉलर के डलास मेवरिक्स स्टार काइरी इरविंग पर, जियानिस के साथ जोड़ी बनाने की तैयारी विनेश फोगाट के अनुशासनात्मक मामले में हाईकोर्ट सख्त: WFI को 2 सप्ताह में फैसला लेने का निर्देश, देरी से मानसिक तैयारी पर पड़ सकता है असर