हरियाणा के हांसी में सिंचाई विभाग की टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और विभागीय वाहन को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। यह घटना नहरी पानी चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की टीम के साथ हुई थी। पुलिस के अनुसार टीम रात में नहरों की निगरानी कर रही थी। गांव खरकड़ा क्षेत्र में अवैध पाइप हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया। सिंचाई विभाग के एसडीओ संदीप कुमार की शिकायत पर 30 जुलाई 2026 को मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने गांव खरकड़ा निवासी नरेंद्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच आगे भी जारी है।

Source: Source