स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर लुधियाना में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। एडीजीपी सिक्योरिटी कोस्तुभ शर्मा ने शहर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने थाना जमालपुर में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। शहर में सुरक्षा के लिए 32 विशेष नाके लगाए गए हैं, जबकि 7 नाके 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों और संदिग्ध लोगों की सघन जांच की जा रही है। एडीजीपी ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कोहाड़ा और चंडीगढ़-लुधियाना हाईवे सहित कई सुरक्षा प्वाइंट का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने को कहा गया। बम धमकियों से जुड़े मामलों की जांच गंभीरता से की जा रही है और संदिग्धों को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस लाइन में हुई बैठक में सुरक्षा रणनीति, ट्रैफिक प्रबंधन और समारोह स्थल की तैयारियों पर चर्चा की गई। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में होने वाले समारोह स्थल का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित माहौल में स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की है।

Source: Source