मंडी के स्प्रेई गांव से लापता हेतराम का 16 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। वह 8 अगस्त को घास लाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजनों के मुताबिक, हेतराम अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। परिवार ने आसपास के इलाकों और परिचितों के बीच उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पंडोह पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। सोमवार को हेतराम के भाई संजय कुमार सहित परिजनों और ग्रामीणों ने मंडी के एसपी विनोद कुमार से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस से तलाश तेज करने और मामले की जल्द जांच करने की मांग की। एसपी ने परिजनों को मामले की गंभीरता से जांच करने का आश्वासन दिया। पुलिस हेतराम के पिछले एक महीने की कॉल डिटेल की जांच करेगी। जांच से उनके संपर्कों और गतिविधियों से जुड़ी संभावित जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने ब्यास नदी में भी सर्च अभियान चलाने के लिए SDRF को पत्र भेजा है। आसपास के क्षेत्रों और अन्य संभावित स्थानों पर भी तलाश जारी है।

Source: Source