रायपुर पुलिस ने 45 करोड़ रुपये की फंडिंग दिलाने का झांसा देकर 1.13 करोड़ रुपये ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ठगी का शिकार बालोद जिले के उद्योगपति उमेश कुमार सिन्हा हुए थे। आरोपियों ने उनकी कंपनी के विस्तार के लिए निवेश उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चेन्नई और नागपुर बुलाकर पीड़ित का विश्वास हासिल किया। उन्होंने बड़े अधिकारियों से संपर्क और फंड प्रक्रिया का झांसा देकर रकम ऐंठी। जांच में सामने आया कि गिरोह ने कथित ब्लैक मनी वॉश स्कैम का इस्तेमाल किया था। आरोपियों ने नकली प्रक्रिया दिखाकर काले नोटों को असली में बदलने का भ्रम पैदा किया। इसके बाद केमिकल, परीक्षण और फंड रिलीज के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे लिए गए। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर नागपुर से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Source: Source