केंद्र सरकार ने पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन वर्षों का होगा। ग्रेवाल भाजपा के प्रमुख सिख नेताओं में गिने जाते हैं और लंबे समय से पार्टी में सक्रिय हैं। किसान आंदोलन के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के पक्ष में खुलकर अपनी बात रखी थी। इसी वजह से वह पंजाब ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रहे। उनकी नियुक्ति पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अहम राजनीतिक घटनाक्रम मानी जा रही है। राजनीतिक हलकों में इसे सिख समुदाय तक पहुंच मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। नियुक्ति के बाद ग्रेवाल ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। हरजीत सिंह ग्रेवाल मूल रूप से पंजाब के पटियाला के निवासी हैं।

Source: Source