पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल कोच के टॉयलेट में एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना बीना रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले की बताई जा रही है। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी गोरावर सिंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। यात्रियों के अनुसार युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। बताया गया कि वह कुछ समय तक कोच के गेट के पास बैठकर यात्रा कर रहा था। ट्रेन के गार्ड ने टॉयलेट की खिड़की पर शव लटका देखा और रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रोका गया। GRP ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Source: Source