मोहाली की एक युवती ने अपने एनआरआई पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी फरवरी 2024 में मुस्लिम रीति-रिवाजों से धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दहेज में बड़ी कार न मिलने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने उसे ताने दिए और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। बाद में पति कनाडा चला गया और पत्नी को अपने पास बुलाने का आश्वासन दिया। पीड़िता का आरोप है कि गलत दस्तावेज उपलब्ध कराए जाने के कारण उसका वीजा आवेदन खारिज हो गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति की गैरमौजूदगी में सास, ससुर और अन्य परिजनों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। परिवार की ओर से समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन कथित रूप से दहेज में कार की मांग दोहराई जाती रही। वर्ष 2026 में पति ने कथित तौर पर कनाडा से बिना उसकी सहमति के एकतरफा ‘तलाक-ए-अहसन’ भेज दिया। पीड़िता ने अपने स्त्रीधन की वापसी न होने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source: Source