जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के तीन मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 लाख 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा दानपेटियां, इलेक्ट्रॉनिक कटर और चोरी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल करीब 20 लाख रुपये के ट्रैक्टर कर्ज में डूबा था। कर्ज चुकाने के लिए उसने साथियों के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, चंडी दाई मंदिर और बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाया था। चोर मंदिरों से चांदी के मुकुट, आभूषण, छत्र और दानपेटियां ले गए थे। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संदिग्धों की पहचान की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान एक गड्ढे में छिपाकर रखा हुआ बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत पटेल, प्रभात पटेल, परमानंद पटेल और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: Source