पलवल पुलिस की सीआईए टीम ने अवैध हथियार तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उन पर हरियाणा में अवैध हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में किठवाड़ी गांव के पास कार्रवाई के दौरान सुंदर को एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने हथियार सप्लाई करने वाले मुकुल उर्फ गोलू का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने अलीगढ़ जिले के बाजोता गांव निवासी मुकुल को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे मामले में होडल थाना क्षेत्र से रवि को एक अवैध देसी कट्टे के साथ पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मथुरा जिले के लालपुर गांव निवासी गोपाल को हथियार सप्लायर के रूप में गिरफ्तार किया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से हथियारों के नेटवर्क और अन्य संभावित संपर्कों के बारे में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Source: Source