सोनीपत के मुरथल रोड स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने दुकान के शटर के दोनों ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उसने करीब 8 से 10 मोबाइल फोन और 7 हजार रुपये नकद चोरी किए। चोरी किए गए मोबाइल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चोर हाथ में लोहे की रॉड और ताले तोड़ने के औजार लेकर पहुंचता दिखाई दिया। सड़क से गुजरते वाहनों की रोशनी पड़ने पर वह जमीन पर लेटकर सोने की एक्टिंग करता रहा। वाहन के गुजर जाने के बाद वह दोबारा उठकर चोरी की कोशिश करता था। चोर ने दुकान का शीशा भी क्षतिग्रस्त किया और अंदर घुसकर मोबाइल फोन खंगाले। सुबह पड़ोसी दुकानदार ने दुकान का शटर टूटा देखकर संचालक को सूचना दी। दुकान संचालक ने मौके पर पहुंचकर CCTV फुटेज खंगाली और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

Source: Source