अमृतसर में एक दुकान के अंदर करीब 5 से 6 फीट लंबा सांप घुसने से हड़कंप मच गया। सांप को देखकर दुकान में मौजूद लोग डर गए और बाहर भीड़ जमा हो गई। एयरपोर्ट मोबाइल PCR टीम के कांस्टेबल कंवलदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। ड्यूटी के दौरान उनकी टीम ने दुकान के बाहर लोगों की भीड़ देखी थी। पूछताछ में पता चला कि दुकान के अंदर सांप घुस आया है। इसके बाद कांस्टेबल कंवलदीप सिंह खुद दुकान के अंदर गए। उन्होंने सावधानी से तलाश कर सांप को पकड़ लिया। कांस्टेबल के मुताबिक सांप जहरीला नहीं था और उसे इंडियन रैट स्नेक यानी धामन बताया गया। सांप को पकड़ने के बाद उन्होंने उसे आबादी से दूर सुरक्षित और सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। सांप के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद दुकानदार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। कांस्टेबल की तत्परता और साहस की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि सांप दिखने पर उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Source: Source