बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार कर उनके पास से 21.058 किलो गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्लेटफार्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर पर ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी की थी। तलाशी के दौरान आरोपियों के दो बैग से गांजे के 10 पैकेट मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संगीता मिश्रा और सुशील मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजे का वजन किया, जो 21.058 किलो निकला। जीआरपी ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस से गांजा लेकर बिलासपुर पहुंचे थे। पुलिस अब गांजे के स्रोत और इसकी संभावित सप्लाई के ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी तलाश रही हैं।

Source: Source