सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र के प्याऊ मनिहारी में रविवार देर रात एक ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब ढाबा संचालक के कमरे पर रहने वाले उसके एक कर्मचारी ने किराए के कमरों के पास शराब पी रहे युवकों को तेज रफ्तार में स्कूटी चलाने पर टोक दिया। आरोप है कि इस बात को लेकर युवकों की कर्मचारी के साथ कहासुनी हो गई और उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद की जानकारी मिलने पर ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी अमन यादव ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर उनकी छाती में गोली मार दी। गोली लगने से नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नरेला स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुंडली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। 10 साल से प्याऊ मनिहारी में चला रहे थे ढाबा चचेरे भाई मंजीत ने बताया कि नरेंद्र कुंडली के रहने वाले थे और करीब 10 साल से प्याऊ मनिहारी में ढाबा चला रहे थे। करीब छह साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब दो और चार साल है। नरेंद्र के पिता मकान बनाने का ठेका लेते हैं, जबकि नरेंद्र और उसका भाई ढाबा चलाते थे। नरेंद्र का ढाबा हर्षवंश कॉलोनी स्थित मित्रा दा ढाबा के नाम से चल रहा था। नरेंद्र की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्लॉट पर रहता था नरेंद्र का एक कर्मचारी मंजीत के अनुसार, नरेंद्र के ढाबे से करीब आधा किलोमीटर दूर उमाशंकर कॉलोनी में नरेंद्र खत्री का पानी का प्लांट है और प्लांट के साथ उसने किराए के कमरे बना रखे हैं, जिनकी देखरेख निखिल करता है। आरोप है कि अमन यादव ने पहले निखिल के साथ मारपीट की थी। इसी बात को लेकर नरेंद्र अमन यादव के पास पहुंचा था, जहां दोनों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग की गई।
मंजीत ने बताया कि रविवार रात प्लॉट के नजदीक करीब 20 से 22 युवक कथित तौर पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनमें से एक युवक तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां से आया। स्कूटी की रफ्तार को लेकर कर्मचारी से हुई कहासुनी मंजीत ने बताया कि स्कूटी की तेज रफ्तार को देखकर नरेंद्र के कर्मचारी ने युवक को धीरे और आराम से स्कूटी चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर अमन यादव और कर्मचारी निखिल के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक और उसके साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर हाथापाई की स्थिति भी बन गई। समझाने पहुंचे नरेंद्र, आरोपी ने की गाली-गलौज विवाद की सूचना मिलने पर नरेंद्र खत्री अपने प्लॉट पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद अमन यादव को समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान अमन ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला बढ़ने के बाद आरोपी ने पिस्तौल निकाल ली। छाती में गोली मारकर किया घायल आरोप है कि अमन यादव ने पिस्तौल से नरेंद्र खत्री की छाती में गोली मार दी। गोली लगते ही नरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। नरेंद्र को तत्काल नरेला स्थित अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी पेपर मिल कॉलोनी का रहने वाला परिजनों के मुताबिक, आरोपी अमन पेपर मिल कॉलोनी में रहता है। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही कुंडली थाना पुलिस वारदात की सूचना के बाद कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। इसके अलावा मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी सामने आ सके। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source