हरियाणा के अंबाला में लालकुर्ती बाजार में बेसहारा सांड ने स्कूल जा रही छात्रा पर हमला कर दिया। छात्रा सड़क से बैग लेकर गुजर रही थी, तभी सांड अचानक उसकी ओर दौड़ा। पहली कोशिश में सांड के सींग छात्रा के बैग में फंस गए, जिससे वह बच गई। छात्रा आगे बढ़ी तो सांड ने कुछ ही देर बाद दोबारा हमला कर दिया। इस बार सांड ने छात्रा को सींगों से उठाकर करीब पांच फीट हवा में उछाल दिया। छात्रा सड़क के डिवाइडर पर गिरकर कुछ देर के लिए बेसुध हो गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घायल छात्रा की पहचान लालकुर्ती निवासी निशा के रूप में हुई है। राहगीरों ने उसे उठाकर कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हमले में छात्रा के सिर और माथे पर चोटें आई हैं। घटना के बाद सांड वहां से भाग गया। स्थानीय लोगों के अनुसार लालकुर्ती बाजार में बेसहारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से बेसहारा पशुओं को पकड़ने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

Source: Source