गुरुग्राम में सोमवार की मूसलाधार बारिश के बाद भारी जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई। सड़कों पर पानी भरने और वाहनों के फंसने के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। एक्स, इंस्टाग्राम, रेडिट और फेसबुक पर #GurugramRain चर्चा में बना हुआ है। लोगों ने वीडियो और मीम्स के जरिए शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने गुरुग्राम की तुलना मजाकिया अंदाज में वेनिस से की। सोशल मीडिया पर प्रशासन के दावों और बारिश के बाद की स्थिति को लेकर तीखी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि हर साल करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लेखक और अभिनेता सुहेल सेठ ने भी वेनिस से तुलना करते हुए तंज कसा। कुछ यूजर्स ने जलभराव में फंसे स्कूली बच्चों के वीडियो साझा कर बुनियादी सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाए। महंगे फ्लैट और खराब बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सोशल मीडिया पर टिप्पणियां सामने आईं। कई लोगों ने सड़कों, ट्रैफिक, प्रदूषण और ऊंचे किराये को लेकर शहर की व्यवस्था पर निशाना साधा। कुछ यूजर्स ने प्रशासन को टैक्स के बदले बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। पानी में डूबी महंगी कारों की तस्वीरें और रील्स भी सोशल मीडिया पर खूब साझा की गईं।

Source: Source