रणदीप सिंह सुरजेवाला समर्थक एवं कांग्रेस किसान सेल के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर नैन की मौत के मामले में पहली बार बिनैण खाप के प्रधान रघुबीर नैन सामने आए हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि परिवार को किसी प्रकार की शक या आशंका होने पर उन्होंने स्वयं खाप की तरफ से जांच करवाने का ऑफर दिया था। परिवार इसमें कोई कार्रवाई नहीं चाहता। परिवार ने किसी प्रकार की शंका या साजिश होने से भी इंकार किया है। ऐसे में समाज को भी इस मामले में धैर्य बनाए रखना चाहिए। ऐसा कोई काम न करें, जिससे परिवार को दुख पहुंचे। वीरवार को परिवार से मुलाकात के बारे में उन्होंने कहा कि मृतक ईश्वर नैन के भाई व बेटे दीपक नैन सहित परिवार के अन्य लोगों से बातचीत हुई है। उन्होंने शुरुआत में ब्रेन स्ट्रोक होने की बात कहने व पुलिस को अलग बयान देने पर कहा कि पिछले तीन साल में उनके परिवार में तीन मौत हो चुकी हैं। मां पहले से बीपी जैसी बीमारियों से ग्रस्त हैं। किसी और अनहोनी के डर से उन्होंने समाज को ऐसा कहा। बालकनी में फोन पर बात करते समय अचानक ब्रेन स्ट्रोक से वह नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। खाप प्रधान ने कहा कि उन्होंने स्वयं परिवार को खाप की तरफ से जांच करवाने का ऑफर दिया था, जिस पर परिवार ने कहा कि उन्होंने अपने स्तर पर पूरी तसल्ली कर ली है और उन्हें किसी पर कोई शक नहीं है। किसी की कोई साजिश भी नजर नहीं आ रही है। परिवार नहीं चाहता कि अब उनकी मौत का मजाक बने। बता दें कि कांग्रेस नेता एवं बिनैण खाप के पूर्व प्रधान नफे सिंह नैन के बेटे ईश्वर नैन की 16 अक्टूबर को मौत हो गई थी। घटना के दिन वे पिरामिड सोसायटी के टॉवर 7 की 8वीं मंजिल के 806 नंबर फ्लैट में अकेले रुके हुए थे। 17 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव दनौदा कलां में अंतिम संस्कार किया गया। शुरुआत में मौत की वजह ब्रेन स्ट्रोक बताई गई थी। करीब एक सप्ताह बाद उनके बेटे दीपक नैन का खेड़की दौला पुलिस को दिया स्टेटमेंट सामने आया, जिसमें मौत फ्लैट की बालकनी से गिरने की बात कही गई थी। Source: Source Post navigation हिसार में पुलिसकर्मी की गाड़ी ने बाइक सवार दंपती को उड़ाया: ड्यूटी से घर जा रहे थे पति-पत्नी, दोनों अस्पताल में भर्ती सीबीआई ने 15 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए आयकर निरीक्षक को किया गिरफ्तार