धर्मशाला के कचहरी मैदान में भाजपा ने शुक्रवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। इसमें कांगड़ा जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और पूर्व मंत्री विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस पर निशाना साधा। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र में हुई इस पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिमाचल की सुक्खू सरकार और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की आलोचना की। डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि चुनाव हारने पर कांग्रेस आत्ममंथन करने के बजाय सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और ईवीएम को दोष देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनावों में हार का शतक पूरा करने जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर लोकतांत्रिक तरीके से जीतने में असमर्थ होने और देश में अराजकता व ‘डीप फेक नैरेटिव’ फैलाने का आरोप लगाया। वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण और फॉर्म-6 पर भारद्वाज ने कहा कि यह संवैधानिक प्रक्रिया है और सुप्रीम कोर्ट इसे सही ठहरा चुका है। उनके मुताबिक, देश में अब तक 12 बार एसआईआर हुआ है, जिसमें 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में और एक-एक बार अटल जी व मोदी सरकार के समय हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-6 में वर्ष 2002-04 की मतदाता स्थिति का ब्योरा मांगे जाने से कांग्रेस को परेशानी है, जिससे कांग्रेस के शासनकाल में अवैध रूप से जोड़े गए बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान उजागर हो रही है। पदयात्रा के संयोजक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और मौजूदा हालात पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश की तानाशाही सरकार और बढ़ती अराजकता के खिलाफ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को तैयार है। इस जुटान में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित सभी पूर्व विधायक, प्रत्याशी और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे। हिमाचल भाजपा चारों संसदीय क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाल रही है और इसी कड़ी में एक नवंबर को शिमला में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा खासतौर पर शामिल होंगे। Source: Source Post navigation दुर्ग जिले की मतदाता सूची पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने दी चेतावनी, कहा- आपत्तियों का समाधान नहीं हुआ तो… PCC चीफ जीतू पटवारी का हरदीप पुरी के बहाने BJP पर निशाना: बोले- दलित सांसद से जबरन इस्तीफा दिलवाया, अब ब्लॉक स्तर पर जलाए जाएंगे पुतले