गुरुग्राम जिले में सोहना का विशाल भारती कॉन्वेंट स्कूल विवादों के घेरे में आ गया है। स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र के परिजनों ने विद्यालय के अध्यापकों पर बच्चे के साथ मारपीट करने तथा शिकायत लेकर पहुंचे अभिभावक के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। इसके अलावा छात्र का स्थानांतरण प्रमाण पत्र नहीं देने का आरोप भी स्कूल प्रबंधन पर लगाया गया है। मामले को लेकर परिजनों ने खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत दी है और सोहना के सिटी थाना में भी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है। जानकारी के अनुसार, सोहना के वार्ड नंबर-12 निवासी महिला मोहनी ने बताया कि उनका बच्चा विशाल भारती कॉन्वेंट स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता है और उनका आरोप है कि स्कूल के अध्यापकों ने उनके बच्चे की बुरी तरह पिटाई की। जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वह शिकायत लेकर स्कूल पहुंचीं, जहां आरोप है कि स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ दुर्व्यवहार किया तथा सुरक्षा गार्ड के माध्यम से उन्हें स्कूल परिसर से बाहर निकलवा दिया गया। मोहनी ने स्कूल प्रबंधन पर छात्र का टीसी नहीं देने का भी आरोप लगाया है। वहीं, स्कूल संचालक रामवीर ने परिजनों की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है और कहा है कि स्कूल के किसी भी अध्यापक ने छात्रा की पिटाई नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाने वाले पक्ष के दावों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति स्कूल में बच्चों की वर्दी देखने का कार्य करते हैं और इस प्रकार के आरोप लगाकर स्कूल प्रबंधन पर अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। रामवीर ने टीसी नहीं देने के आरोप को भी गलत बताया और स्पष्ट किया कि स्कूल प्रबंधन ने कभी भी बच्चे का स्थानांतरण प्रमाण पत्र देने से इनकार नहीं किया है।

Source: Source