फरीदकोट के जैतो में सरकारी आईटीआई के सामने तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से दो महिलाओं और बाइक सवार किशोर सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान जसविंदर कौर (52), बलजीत कौर (42) और साहिबप्रीत सिंह (15) के रूप में हुई है। हादसे में एक महिला की टांग और कलाई में फ्रैक्चर आया है, जबकि दूसरी महिला की जांघ पर चोट लगी है। किशोर के घुटने और छाती पर चोटें आई हैं। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद फरीदकोट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर थाना जैतो की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार टिब्बी साहिब रोड निवासी 15 वर्षीय साहिबप्रीत सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था, तभी सरकारी आईटीआई के सामने उसकी मोटरसाइकिल सामने से आ रही दो महिलाओं से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर और दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। चढ़दी कला वेलफेयर सेवा सोसायटी जैतो के सदस्यों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Source: Source