करनाल में निसिंग थाना क्षेत्र के गांव ओगंद में पुरानी रंजिश के चलते डेरे के गेट पर फायरिंग करने के मामले में सीआईए-1 करनाल की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 18 अक्टूबर की रात मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने डेरे के गेट पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि इनमें से एक आरोपी ने फायरिंग की थी, जबकि दूसरे ने वारदात से पहले डेरे की रेकी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक आईफोन मोबाइल फोन सिम सहित बरामद किया है। सीआईए-1 के इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीक्षांत उर्फ दीक्षू निवासी गांव बम्बरेहड़ी और वंश उर्फ गुल्लू निवासी गांव पुंडरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 18 अक्टूबर की रात गांव ओगंद स्थित डेरे के गेट पर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने फायरिंग की थी। जांच में पता चला कि वंश ने डेरे के गेट पर गोलियां चलाई थीं, जबकि दीक्षांत ने वारदात से पहले शिकायतकर्ता प्रताप सिंह के डेरे की रेकी की थी। शिकायतकर्ता प्रताप सिंह की शिकायत पर 19 अक्टूबर 2026 को थाना निसिंग में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1बी)ए-54-59 के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद नियमानुसार उन्हें गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल आरसी सहित बरामद की गई। इसके अलावा दीक्षांत से एप्पल कंपनी का आईफोन मोबाइल फोन सिम सहित मिला। पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल के दिशा-निर्देशन में जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।

Source: Source