कैथल के गांव प्योदा के करीब 35 वर्षीय युवक भीम गिल की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह करीब सात साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और कमाई करने के उद्देश्य से अमेरिका गया था। परिवार ने उसे विदेश भेजने के लिए करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे। अब परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली है। भीम की मौत की खबर से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। परिजनों के अनुसार भीम करीब सात साल से अमेरिका में रह रहा था और डंकी के रास्ते गया था। वह कैलिफोर्निया के फ्रिजनों में रहता था और वहां गाड़ी चलाने का काम करता था। 27 अक्टूबर को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। साथ रहने वाले लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों और सामाजिक संस्थाओं ने सरकार तथा अन्य संस्थाओं से भीम का शव भारत लाने में सहयोग करने की अपील की है। भीम के बड़े भाई सुखबीर सिंह ने बताया कि उसे अमेरिका भेजने के लिए परिवार ने करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे। इस रकम का इंतजाम करने के लिए कुछ पैसे जानकारों से उधार लिए गए थे और करीब एक एकड़ जमीन गिरवी रखी थी। भीम शादीशुदा था और उसके परिवार में मां, पिता, पत्नी, एक बेटा, दो बहनें और एक भाई है।

Source: Source