बलरामपुर जिले में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक भाजपा नेता की मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। रामानुजगंज क्षेत्र के ग्राम कुंडपान में बाइक अनियंत्रित होकर पिलर से टकरा गई, जिससे भारतीय जनता पार्टी शक्ति केंद्र कुंडपान के संयोजक देवधारी सिंह (35) की जान चली गई। पहली घटना सनवाल थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडपान की है। जानकारी के अनुसार देवधारी सिंह बुधवार रात रामानुजगंज से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे गांव में लाल बिहारी गुरुजी के घर के समीप मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पिलर से टकरा गई। हादसे में देवधारी सिंह के सिर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल डिंडो अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाड्रफनगर रेफर कर दिया, लेकिन वहां ले जाते समय रास्ते में ही देवधारी सिंह की मौत हो गई। भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर शोक जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दूसरी घटना राजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 11:30 बजे चाची गागर नदी के पुल पर हुई। जानकारी के अनुसार डाकवा निवासी रामप्रसाद मरकाम (45) अपने भाई रघु मरकाम (40) के साथ बाइक से डाकवा से नर्सिंगपुर जा रहे थे। इसी दौरान पुल पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों बाइक समेत करीब 20 फीट नीचे गिर गए। हादसे में रामप्रसाद का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि रघु को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर 108 एंबुलेंस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को पुल के नीचे से निकालकर 108 एंबुलेंस से राजपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Source: Source