बठिंडा के जोगर पार्क में वाटर वर्क्स की डिग्गी से 19 वर्षीय छात्रा का शव मिला है। उसकी पहचान बाबा फरीद कॉलेज की छात्रा पिंदर कौर के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव मिलने की सूचना पर नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के वालंटियर राजविंदर धालीवाल, यादविंदर कंग, साहिब सिंह और ललित जिंदल मौके पर पहुंचे। शव पानी में औंधे मुंह पड़ा था, जिसे उन्होंने बाहर निकाला। शुरुआत में युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। थाना थर्मल पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई के बाद संस्था की मदद से शव सिविल अस्पताल पहुंचाया। कुछ घंटे बाद उसकी पहचान पिंदर कौर (19) निवासी गांव किल्ली निहाल सिंह वाला के रूप में हुई। परिवार ने बताया कि पिंदर बाबा फरीद कॉलेज में पढ़ती थी और गांव भागु में अपनी बुआ के पास रुकी हुई थी। सोमवार सुबह वह बस से बठिंडा के लिए रवाना हुई थी। थाना कैंट के एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि परिवार ने अब तक पुलिस को बयान दर्ज नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।

Source: Source