करनाल सेक्टर-12 स्थित झुग्गियों के पास बने पार्क में एक युवक की डंडे से पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक का एक परिचित उसे बातचीत के बहाने पार्क के कोने में ले गया और वहां उसके सिर पर लकड़ी के डंडे से कई वार किए। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। घायल युवक को पहले नागरिक अस्पताल और फिर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बहन के बयान पर हत्या और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में 19 वर्षीय आरती ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली है और फिलहाल सेक्टर-12 करनाल की झुग्गियों में परिवार के साथ रहती है। उसकी शादी अजीत के साथ हुई है। परिवार में उसका भाई राहुल, माता और बहन भी साथ रहते हैं। आरती के अनुसार राहुल और डोन आपस में दोस्त थे। डोन भी मूल रूप से समस्तीपुर बिहार का रहने वाला है और फिलहाल करनाल की दुर्गा कॉलोनी में रहता है। आरती ने बताया कि 4 नवंबर की रात करीब 1 से 1:30 बजे डोन झुग्गियों में आया और राहुल से बातचीत करने लगा। इसके बाद वह राहुल को सेक्टर-12 के पार्क में बने एक कोने की तरफ ले गया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई और डोन राहुल के साथ मारपीट करने लगा। आरोपी जोर-जोर से कह रहा था कि आज उसे जान से मार देगा। आरती के मुताबिक शोर सुनकर वह पार्क में पहुंची तो देखा कि डोन लकड़ी के डंडे से राहुल के सिर पर वार कर रहा था। उसके साथ रूपम और महेंद्र मुखिया का बेटा कन्हैया भी मौके पर पहुंचे। तीनों को आता देखकर आरोपी राहुल को जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने उन्हें भी धमकाया कि पकड़ने की कोशिश की तो उन्हें भी मार देगा। इसके बाद वह कोर्ट एरिया की तरफ भाग गया। राहुल के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें लगी थीं। वह बेहोशी की हालत में था। आरती, रूपम और कन्हैया उसे सरकारी अस्पताल करनाल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से राहुल को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी डोन निवासी समस्तीपुर बिहार, हाल दुर्गा कॉलोनी करनाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। Source: Source Post navigation लुधियाना में बेकाबू वरना कार ने कई लोगों को कुचला: स्कूटी सवार सब्जी विक्रेता की मौत, कई घायल रोहतक सिविल अस्पताल से डॉक्टर का लैपटॉप चोरी: CCTV में दिखे दो आरोपी, दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम