छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घर में अकेली रहने वाली 62 वर्षीय वृद्धा के घर एक युवक घुस गया और उसके साथ मारपीट करते हुए कैश व जेवरात लेकर भाग गया। उधार नहीं मिलने से आरोपी ने लूट की योजना बनाई थी। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। 1 नवंबर को ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू ने थाना खरसिया पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के कमरे में सो रही थी। रात करीब डेढ़ बजे अचानक नींद खुलने पर उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा है। रामबाई ने विरोध किया तो आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर एवं दोनों हाथों पर वार कर दिया। इसके बाद आलमारी व संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध कायम कर जांच शुरू की। जांच में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता व आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान घटना की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के यहां ग्राम बोरदी से आए नागेश गवेल (29) का हुलिया संदिग्ध पाया गया। पुलिस ने तत्काल संदेही नागेश कुमार गवेल की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने वृद्ध महिला के घर में घुसकर लूटपाट करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के यहां साढ़े 4 हजार रुपये की उधारी मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर वह वहां से लौट आया और इसके बाद मेन रोड सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई। आरोपी को जानकारी थी कि ग्राम बड़े देवगांव में रामबाई साहू अकेली रहती है और उनके घर में पुट्टी व पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर घुसा और हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी व जेवरात निकालने लगा। इसी दौरान संदूक की आवाज से महिला जाग गई और आरोपी को पकड़ने का प्रयास करते हुए विरोध किया। तब आरोपी ने हाथ में रखे बांस के डंडे से महिला के सिर व दोनों हाथों पर वार किया और कैश व जेवरात लेकर अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। आरोपी से पुलिस ने 3 हजार रुपये कैश, घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा व हथौड़ी बरामद की। वारदात में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल आरोपी के घर से जब्त की गई। आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये कैश, 2 तोला सोना व 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास पेड़ के समीप छिपाना बताया, लेकिन पुलिस को वह संपत्ति बरामद नहीं हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि बुजुर्गों व महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source