बेमेतरा में नवीन बस स्टैंड का नाम स्वर्गीय दाऊ उमराव सिंह वर्मा के नाम पर रखने की मांग की गई है। इसे लेकर सिंघरौर कुर्मी (क्षत्रिय) समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा और विधायक दीपेश साहू को ज्ञापन सौंपा है। समाज ने स्व. वर्मा के सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक कार्यों में योगदान का हवाला देते हुए यह मांग रखी है। समाज के पदाधिकारियों के मुताबिक दाऊ उमराव सिंह वर्मा बेमेतरा क्षेत्र के मालगुजार, समाजसेवी और जनसेवक थे। उन्होंने शिक्षा, धार्मिक और सार्वजनिक कार्यों के लिए जमीन दान की थी। बस स्टैंड परिसर के साथ धान मंडी, कन्या शाला, भद्रकाली मंदिर, राम मंदिर और अन्य सार्वजनिक जगहों के लिए भी उनके परिवार का योगदान रहा है। समाज अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा कि दाऊ उमराव सिंह वर्मा ने क्षेत्र के विकास और जनहित के कामों में योगदान दिया और उनकी स्मृति का सम्मान करने के लिए बस स्टैंड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की जा रही है। विजय कुमार वर्मा ने कहा कि उनके दादाजी ने बेमेतरा में कई सार्वजनिक और धार्मिक कार्यों के लिए जमीन उपलब्ध कराई थी। अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रज्वल वर्मा ने कहा कि स्व. उमराव सिंह वर्मा ने समाज और क्षेत्र के लिए उल्लेखनीय काम किए और राम मंदिर के लिए 100 एकड़ से अधिक जमीन देने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान रहा है। पोषण वर्मा ने कहा कि बस स्टैंड की जमीन भी स्व. दाऊ उमराव सिंह वर्मा के योगदान से जुड़ी है और उन्होंने तालाब निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण काम किए थे। नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने समाज की मांग को सकारात्मक पहल बताया और कहा कि स्व. दाऊ उमराव सिंह वर्मा ने करोड़ों रुपये की जमीन दान कर समाज और क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड के नामकरण का प्रस्ताव आगामी बैठक में रखा जाएगा और सर्वसम्मति बनने पर इसे पारित करने की दिशा में पहल की जाएगी।

Source: Source