पलवल के सौंध गांव के सुंदरनगर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने 14 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाशचंद के मुताबिक सुंदरनगर निवासी सूरज ने शिकायत में बताया कि उसका भाई नरवीर डाडका माइनर पुल के पास से गुजर रहा था, तभी सुरेंद्र, आकाश, बृजमोहन, खेमी और जितेंद्र ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी दुकान पर पहुंचे और सूरज के पिता बिजेंद्र के साथ भी मारपीट की। घायलों को इलाज के लिए होडल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। शिकायत के अनुसार अगले दिन सूरज अपने भाई के घर से लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। सत्ते ने उसके सिर पर फरसे से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। मारपीट की सूचना मिलने पर परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और सौंध गांव से 5-6 अन्य लोगों को भी बुलाया गया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और बल्लम लेकर फिर हमला किया और परिवार तथा रिश्तेदारों के भागने पर आरोपियों ने खेतों तक उनका पीछा किया। हमले में बलराम, प्रमोद, कृष्ण, बलदेव और सुरेश समेत कई रिश्तेदारों को लाठी-डंडों और फरसों से चोटें आईं। आरोपियों ने जाते समय घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। मुंडकटी थाना पुलिस ने 14 नामजद लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। Source: Source Post navigation करनाल में रिटायर्ड हेड मास्टर की कटी जेब: बैंक से पेंशन निकलवाकर लौट रहे थे बुजुर्ग, CCTV में दिखे दो संदिग्ध झारखंड के गोड्डा में 12 साल की बच्ची की निर्मम हत्या: आंगन में मिली सिर कटी लाश, जांच जारी