नूंह जिले के तावड़ू इलाके में पुलिस ने दो युवकों को 22 मोबाइल फोन, देसी कट्टा, दो कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक युवक चोरी के मोबाइल बेचने जा रहे थे। गिरफ्तार युवकों की पहचान राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के गांव कारेंडा निवासी शाहरुख पुत्र आस मोहम्मद और तालीम पुत्र अब्बास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 6 नवंबर को एएसआई जीतराम की टीम तावड़ू बाइपास के गोल चक्कर पर गश्त कर रही थी, तभी उसे सूचना मिली कि दो युवक हथियार लेकर बाइक से चोरी के मोबाइल बेचने जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने कांगरका से गुरनावट रोड पर घोड़ाफार्म के पास नाकाबंदी की और बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आते दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में एक युवक की जेब से दो कारतूस और दूसरे की जेब से देसी कट्टा मिला, जबकि बाइक के बीच रखी पीली पॉलीथिन से अलग-अलग कंपनियों के 22 मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपी मोबाइल, हथियार और बाइक के कोई कागजात नहीं दिखा सके, जिसके बाद तावड़ू सदर थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच कर रही है कि 22 मोबाइल फोन किस चोरी से जुड़े हैं।

Source: Source