कुरुक्षेत्र के नवविवाहित प्रेमी जोड़े ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। कोर्ट को बताया गया कि 16 नवंबर को इसको लेकर उन्होंने एसपी को अर्जी दी थी, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाईकोर्ट में शुक्रवार को हुई मामले की सुनवाई में न्यायमूर्ति आलोक जैन की एकल पीठ ने मौखिक आदेश पारित करते हुए कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक को उनके आवेदन पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही हाईकोर्ट द्वारा 2024 में इस प्रकार के मामलों को लेकर जारी किए गए दिशा-निर्देशों की पालना पर भी जोर दिया है। सुनवाई के दौरान वकील राजिंदर ने कोर्ट को अवगत कराया कि दोनों याचिकाकर्ताओं ने 23 सितंबर 2026 को विवाह किया है। विवाह के बाद परिजनों से धमकियां मिल रही हैं। इसी खतरे की आशंका के चलते उन्होंने 16 नवंबर 2026 को पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के लिए लिखित अभ्यावेदन भेजा था, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। हरियाणा की वरिष्ठ उप-महाधिवक्ता स्वाति बत्रा ने आधिकारिक प्रतिवादियों की ओर से हाईकोर्ट का नोटिस स्वीकार किया। याचिका का प्रारंभिक स्तर पर निपटारा करते हुए न्यायमूर्ति आलोक जैन ने पुलिस प्रशासन और याचिकाकर्ताओं के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए। कोर्ट ने कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि वे याचिकाकर्ताओं के 16 नवंबर 2026 के अभ्यावेदन पर विचार करें और हाईकोर्ट की समन्वय पीठ द्वारा 14 जून 2024 में निर्धारित दिशा-निर्देशों और कानून के प्रावधानों के अनुरूप उचित कदम उठाएं। पीठ ने स्पष्ट किया कि इस याचिका पर विचार केवल याचिकाकर्ताओं के जीवन और स्वतंत्रता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सीमित उद्देश्य से किया गया है। इस याचिका के दायर होने, लंबित रहने या अदालत द्वारा पारित इस आदेश को याचिकाकर्ताओं के विवाह की वैधता पर अदालत की मुहर नहीं माना जाएगा। हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस याचिका या 16 नवंबर 2026 के अभ्यावेदन में दिया गया कोई भी कथन या तथ्य गलत पाया जाता है, तो राज्य के अधिकारी कानून के अनुसार उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित हैं। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि याचिकाकर्ताओं का कोई आपराधिक रिकॉर्ड पाया जाता है, तो यह आदेश अधिकारियों के लिए कानून के तहत आगे बढ़ने में कोई बहाना या बाधा नहीं बनेगा। हाईकोर्ट ने संबंधित थाना प्रभारी को यह जिम्मेदारी सौंपी है कि वे याचिकाकर्ताओं के अभ्यावेदन पर विचार करने से पहले उनकी सही आयु और आवासीय पते को दर्शाने वाले मूल दस्तावेजों का सत्यापन करें और निजी प्रतिवादियों से इसकी पुष्टि भी कराएं। हाईकोर्ट ने रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से संपूर्ण पेपर बुक की एक प्रति याचिकाकर्ता नंबर 1 के माता-पिता को भेजने का निर्देश दिया है। Source: Source Post navigation मोहाली अदालत में आज मजीठिया की विदेश यात्रा की अर्जी पर सुनवाई, जमानत की शर्तों के चलते मांगी अनुमति सोनीपत कोर्ट का फैसला: कोविड में फीस वसूली की स्कूल मालिक की याचिका खार्जि, 2.32 लाख फीस के लिए केस किया था