धमतरी के महिमासागर वार्ड में एक ई-रिक्शा चालक बेसुध महिला को सड़क पर छोड़कर चला गया। घटना सुबह करीब 6 बजे जैविक खाद संयंत्र रोड पर हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वार्डवासियों की सूचना पर पार्षद दीपक सोनकर ने पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीसीटीवी फुटेज में ई-रिक्शा चालक महिला को नीचे उतारकर सड़क पर छोड़ता और फिर वहां से चला जाता दिखाई दे रहा है। महिला बेसुध हालत में सड़क पर पड़ी रही। वार्ड पार्षद और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि बेसुध महिला को सड़क पर अकेला छोड़ने के बजाय अस्पताल पहुंचाना चाहिए था या पुलिस-प्रशासन को सूचना देनी चाहिए थी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है और पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। महिला को इस हालत में सड़क पर छोड़ने की वजह और ई-रिक्शा चालक की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।

Source: Source