श्री गोइंदवाल साहिब स्थित सेंट्रल जेल में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान चार कैदियों के पास से 6 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, एक कीपैड फोन और 3 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी गोइंदवाल साहिब हरमीक सिंह ने बताया कि जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह, मनजीत सिंह और कुलवंत सिंह की ओर से पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी गई थी। तलाशी अभियान के दौरान धमनबीर सिंह, लवप्रीत सिंह, सुखदेव सिंह और मनजीत सिंह के पास से ये मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए, जिन्हें जेल अधिकारियों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में एएसआई निशान सिंह, एएसआई राजीव कुमार और एएसआई अर्जुन सिंह ने कानूनी कार्रवाई करते हुए चारों कैदियों के खिलाफ प्रिजन एक्ट की धारा 42ए और 48ए के तहत मुकदमा नंबर 622, 623, 624 और 625 दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जेल के भीतर मोबाइल फोन पहुंचने के मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि ये फोन कैदियों तक कैसे पहुंचे और इसमें किन अज्ञात लोगों की भूमिका है। साथ ही जब्त किए गए फोन और सिम कार्ड के डेटा व कॉल डिटेल की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Source: Source