रोहतक में सीएम विंडो के पूर्व कोर्डिनेटर एडवोकेट सुरेंद्र माडू ने पूर्व मंत्री सुभाष बतरा को मानहानि का कोर्ट की तरफ से लीगल नोटिस भिजवाया है। इस मामले में 21 दिसंबर को सुनवाई के दौरान पूर्व मंत्री को खुद हाजिर होने के आदेश दिए गए हैं। सुरेंद्र माडू ने कहा कि 20 मई 2023 को पूर्व गृहमंत्री सुभाष बतरा ने पत्रकारों से बात करते हुए उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया था कि सीएम विंडो पर ऐसे व्यक्ति बैठे हैं, जो प्रार्थी से कुछ मिलने पर काम कर देते हैं, वरना फाइलें दबा देते हैं। माडू ने कहा कि पूर्व मंत्री के इस बयान से उनके मान-सम्मान और राजनीतिक छवि को ठेस पहुंची है। उन्होंने बताया कि एडवोकेट मनोज कुमार के माध्यम से कोर्ट में केस फाइल किया गया और 3 गवाहों के आधार पर पूर्व मंत्री को प्री-समनिंग के आदेश दिए गए हैं। सुभाष बतरा को 21 दिसंबर को कोर्ट में हाजिर होना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। माडू ने कहा कि उनका पूर्व मंत्री से कोई व्यक्तिगत द्वेष नहीं है, यह सिर्फ मान-सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के सामने पूर्व मंत्री को आकर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई लोभ-लालच नहीं है, इसलिए मात्र एक रुपये का मानहानि का केस डाला है। माफी न मांगे जाने पर वह हाईकोर्ट तक जाएंगे।

Source: Source