हरियाणा दिवस के 60 साल पूरे होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति तीन जगह कार्यक्रमों में शामिल होंगी, जिनमें शक्तिपीठ देवी कूप भद्रकाली मंदिर, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी और गुरुकुल कुरुक्षेत्र शामिल हैं। राष्ट्रपति करीब 5 घंटे हरियाणा में रहेंगी। मुख्यमंत्री तैयारियों का जायजा लेने आज कुरुक्षेत्र आ सकते हैं। राष्ट्रपति का कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा और दोपहर 12:50 बजे वापसी का समय निर्धारित है। राष्ट्रपति सबसे पहले भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में हरियाणा के 60 साल पूरे होने पर आयोजित प्रदेश स्तरीय हीरक जयंती समारोह में शामिल होंगी और प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी, जहां हरियाणा की विकास यात्रा, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति गुरुकुल कुरुक्षेत्र में स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के 100वें बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर हवाई जहाज से उतरेंगी और वहां से सड़क मार्ग से कुरुक्षेत्र आएंगी। डीसी विश्राम कुमार मीणा के मुताबिक, केयू में होने वाले प्रदेश स्तरीय हीरक जयंती समारोह में 2 हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में समाज के अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। समारोह में 400 स्टूडेंट्स और युवा, 300 महिलाएं, 300 पंचायतों व शहरी निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि, 200 किसान, 200 सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, 100 खिलाड़ी और 100 पूर्व सैनिक, वीर नारियां व शहीदों के परिवारों के सदस्य शामिल होंगे। इनके अलावा सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रतिष्ठित नागरिकों और अधिकारियों के लिए भी जगह रखी गई है।

Source: Source