अर्नब चक्रवाती तूफान के असर से 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पानी भर गया है और कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल पानी में भीग रही है। कई जगह जलभराव हो गया है। किसानों को फसल खराब होने और आर्थिक नुकसान की आशंका है। सालभर की मेहनत पर असर पड़ता दिख रहा है। ग्राम चोंगा निवासी किसान वंशधारी केवट व रामकृपाल साहू का करीब एक-एक एकड़ धान की कटी फसल बारिश के कारण पूरी तरह भीग गई है। उन्होंने बताया कि यदि इसी तरह दो-तीन दिन मौसम बना रहा तो कटी फसल किसी काम की नहीं रह जाएगी और जिसकी कटाई नहीं हुई है उसमें भी नुकसान होना तय है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. रमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि बारिश से धान की कटी फसल को नुकसान होगा और जो फसल हवा में गिर जाएगी उसे भी नुकसान होगा, दाने में फंगस लगेंगे और वह खराब होकर काला पड़ जाएगा। उन्होंने सलाह दी कि किसान को खेत से पानी निकालने की व्यवस्था करनी चाहिए और कटी फसल को तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट कर ढंक देना चाहिए।

Source: Source