हरियाणा के शहरी निकाय विभाग ने सफाई कर्मचारियों के लिए 2000 रुपये भत्ता देने की घोषणा की है। विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह भत्ता नियमित सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन को पालिका रोल सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों के समतुल्य 2000 रुपये प्रति माह के जोखिम भत्ते के रूप में प्रदान किया जाएगा। लेकिन पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारियों को मिलने वाली परफॉर्मेंस आधारित सालाना राशि नहीं मिलेगी, जिसको लेकर कर्मचारियों में रोष है। पत्र में कहा गया है कि पत्र संख्या DULB/Estt./3E/2023/35496 दिनांक 24 नवंबर 2023 और DULB/Estt./3E/2026/2828 दिनांक 04 जून 2026 के माध्यम से नियमित सफाई कर्मचारियों को जोखिम भत्ते के बदले में दिए जाने वाले परफॉरमेंस से जुड़े वार्षिक प्रोत्साहन जो 12,000 रुपये और 9,000 रुपये हैं, को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया जाता है। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस मद पर होने वाला खर्च संबंधित नगरपालिका द्वारा स्वयं वहन किया जाएगा और इसके लिए राज्य सरकार द्वारा कोई अतिरिक्त अनुदान, ऋण या वित्तीय सहायता प्रदान नहीं की जाएगी। यह मामला वित्त विभाग और मानव संसाधन विभाग की सहमति से जारी किया गया है। राज्य नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश शास्त्री ने परफॉरमेंस अलाउंस वापस लिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि यह न्यायसंगत नहीं है, क्योंकि कर्मचारियों की बेहतर कार्यशैली के लिए प्रोत्साहन राशि दिया जाना जरूरी है, ताकि उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जो 2000 रुपये का भत्ता दिए जाने की बात है, वह रिस्क अलाउंस है। Source: Source Post navigation बस्तर में 4 तकनीकी सहायकों पर कार्रवाई: 2 ने दिया इस्तीफा, 1 की सेवा समाप्त; योजना में लापरवाही पर जिला पंचायत CEO का एक्शन