कुल्लू में एक कारोबारी से लॉरेंस गैंग के नाम पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 308(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है। साइबर सेल दोनों नंबरों की कॉल डिटेल जांच रही है। कारोबारी तेजिंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि 2 नवंबर की रात करीब 8:02 बजे उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस ग्रुप का सदस्य बताया और 10 लाख रुपये मांगे। उसने कहा कि रकम जमा कराने के लिए बैंक खाते का नंबर भेजा जाएगा। तेजिंद्र सिंह ने यह नंबर ब्लॉक कर दिया। पहली कॉल के सात मिनट बाद रात 8:09 बजे दूसरे विदेशी नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि अगली सुबह तक 10 लाख रुपये नहीं दिए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। रात 8:11 बजे इसी नंबर से फिर कॉल आई। आवाज पहचानने के बाद कारोबारी ने यह नंबर भी ब्लॉक कर दिया। धमकी के बाद कारोबारी ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और कुल्लू थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसपी अभिषेक एस ने बताया कि साइबर सेल दोनों संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल जांच रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी का लॉरेंस गैंग से संबंध है या उसने सिर्फ गैंग का नाम इस्तेमाल किया।

Source: Source