जालंधर के रोज गार्डन पार्क में पिछले 20 सालों से शाम के वक्त जुटकर अपना सुख-दुख साझा करने वाले सीनियर सिटीजंस की सुकून भरी महफिल पर नगर निगम की तल्खी भारी पड़ रही है। पिछले एक सप्ताह से नगर निगम के कर्मचारी डिप्टी कमिश्नर का नाम लेकर बुजुर्गों को तंग कर रहे हैं और उनके स्पीकर बंद करवा रहे हैं। कर्मचारियों के इस दुर्व्यवहार और झूठे आरोपों से आहत होकर दर्जनों बुजुर्ग इंसाफ की गुहार लगाने डीसी हिमांशु जैन के पास पहुंचे। इस मौके पर मंजीत सिंह, कृपाल सिंह, सुरिंदर जैन, रोकी भाटिया, मुकेश अरोड़ा, अरुण जैन, राजू कश्यप और भारत जुनेजा समेत कई सीनियर सिटीजंस ने नगर निगम की इस तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। डीसी हिमांशु जैन ने बुजुर्गों की पूरी बात सुनने के बाद भरोसा दिलाया कि सीनियर सिटीजंस को बेवजह तंग करने वाले नगर निगम कर्मचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने बुजुर्गों को आश्वस्त किया कि वे पार्क में बिना किसी डर और परेशानी के बैठ सकते हैं। डीसी कार्यालय पहुंचे मंजीत सिंह ने भावुक होते हुए बताया कि वे कविताएं लिखते हैं और पार्क में अपने बुजुर्ग दोस्तों को सुनाते हैं। सभी साथी अपने मनपसंद पुराने गाने गाते और सुनते हैं, जिससे दिनभर का तनाव दूर होता है। लेकिन नगर निगम कर्मचारियों ने उनका स्पीकर जबरन बंद करा दिया और झूठा आरोप लगाया कि वे गलत गाने गाकर जनता को परेशान करते हैं। बुजुर्गों ने बताया कि कर्मचारी उन पर बेबुनियाद दबाव बनाते हैं और डीसी के नाम की धमकियां देते हैं।

Source: Source