पानीपत के काबड़ी रोड पर ट्राली से ऑटो टकराने के बाद लगी मामूली चोट को नजरअंदाज करना 42 वर्षीय ऑटो चालक राजू को भारी पड़ गया। हादसे के बाद उसे पेट में दर्द हुआ तो दवा लेने पर आराम मिल गया। अगले दिन भी दर्द होने पर उसने दवा ली, लेकिन कुछ समय बाद फिर तकलीफ शुरू हो गई। परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां अल्ट्रासाउंड में आंत फटी हुई मिली। उपचार के दौरान ऑटो चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान न्यू रामपुरा निवासी राजू के रूप में हुई है। उसके आठ और सात साल के दो बेटे हैं। राजू किराए के मकान में रहकर ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करता था। उसके छोटे भाई मोनू ने बताया कि गुरुवार रात ऑटो ट्राली से टकराया था, जिसमें उसे मामूली चोट आई थी। चोट गंभीर न लगने के कारण उसने इसे सामान्य समझा। पेट दर्द के लिए दवा लेने पर कुछ देर राहत मिली, लेकिन दर्द फिर शुरू हो गया। जांच में आंत फटने का पता चला और उसकी हालत गंभीर हो गई। पिता की मौत से दो छोटे बेटों के सिर से साया उठ गया है और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

Source: Source