फरीदाबाद के सेक्टर-16 में एक वकील के घर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। जिला कोर्ट के वकील हरीश पाल चपराना के घर से चोरों ने लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। घटना के समय परिवार एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा गया हुआ था। चोरों ने घर की चारदीवारी फांदकर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने एसी की खिड़की का शीशा तोड़कर मकान में घुसने का रास्ता बनाया। बदमाशों ने कमरों के ताले तोड़कर अलमारी से करीब दो किलो सोने के आभूषण और 20 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी के बाद आरोपी घर के बाहर खड़ी कार भी लेकर फरार हो गए। बाद में कार ओल्ड रेड लाइट के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Source: Source