छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में घर से बिना बताए निकलीं दो सगी नाबालिग बहनों को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर तलाश लिया। दोनों बच्चियां मंगला स्थित एक पार्क में मिलीं। उनके अचानक लापता होने से परिजन बेहद परेशान थे। परिवार को अपहरण या किसी अनहोनी की आशंका सता रही थी। बच्चियों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में बच्चियों की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से खोजबीन शुरू की। लगातार तलाश के दौरान दोनों बच्चियों का पता मंगला स्थित एक पार्क में चला। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चियों के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली। उनकी मां और अन्य परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। परिवार ने पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया। पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि घूमने के दौरान वे रास्ता भटक गई थीं। इस तरह पुलिस की समय पर कार्रवाई से दोनों नाबालिगों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचा दिया गया।

Source: Source