सावन के अंतिम सोमवार पर धर्मनगरी राजिम पूरी तरह शिवभक्ति में डूबी नजर आई। शनिवार शाम से ही शहर की ओर कांवड़ियों और शिवभक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। सोमवार को हजारों श्रद्धालु भगवा वस्त्रों में बाबा गरीबनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्री राजीव लोचन-कुलेश्वर नाथ बोल बम कांवरिया संघ ने बाबा गरीबनाथ मंदिर में सहस्त्रधारा जलाभिषेक का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत संगम तट पर वेदी पूजन से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने संगम का पवित्र जल कलश में लेकर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा की। संगम तट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक भक्तों ने मानव श्रृंखला बनाई। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे के हाथों से जल पहुंचाकर भगवान शिव का अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच सामूहिक जलाभिषेक का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल समेत कई जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्य शामिल हुए। जजमान के रूप में धीरेंद्र शर्मा, संजय सोनकर और बलराम साहू ने भी आयोजन में भाग लिया। समिति ने शिवभक्तों के लिए करीब 35 हजार पैकेट बूंदी-पूरी का प्रसाद तैयार किया था। शहर के विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर बाद तक बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक और प्रसाद वितरण का सिलसिला जारी रहा। Source: Source Post navigation जीरकपुर में चलती कार पर गिरे बिजली के दो खंभे, पति-पत्नी और दो बच्चे बाल-बाल बचे सात दिन में सड़क नहीं बनी तो अनिश्चितकालीन चक्काजाम, जर्जर मार्ग को लेकर कांग्रेस की चेतावनी