हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को वाराणसी की निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाएगी। इसके लिए दिसंबर या जनवरी में विशेष ट्रेन चलाने की योजना है। यात्रा का लाभ लेने के इच्छुक पात्र श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही ऑनलाइन आवेदन पोर्टल खोला जाएगा। डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी दिनों में विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। यात्रा के लिए 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग पात्र होंगे। इसके साथ ही श्रद्धालु के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। डीसी ने बताया कि रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। योजना के तहत आवेदन आमंत्रित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। पात्र बुजुर्ग पोर्टल खुलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत इससे पहले हरियाणा सरकार प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या और महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब की निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवा चुकी है। अब वाराणसी को भी इस योजना में शामिल किया गया है। इस संबंध में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया चंडीगढ़ में आईआरसीटीसी के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं।

Source: Source