पंचकूला शहर में जिम जा रही 20 वर्षीय युवती पर तीन खूंखार कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने युवती को बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के वक्त मौके से गुजर रहे राहगीर मदद करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। पंचकूला के सेक्टर-11 निवासी सौम्या रोजाना की तरह सुबह जिम के लिए घर से निकली थी। रास्ते में तीन आक्रामक कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। युवती खुद को बचाने के लिए काफी देर तक संघर्ष करती रही, लेकिन किसी भी राहगीर ने आगे बढ़कर कुत्तों को भगाने की हिम्मत नहीं दिखाई। किसी तरह खुद को छुड़ाकर सौम्या दौड़ती हुई अपने घर पहुंची। लहूलुहान हालत देख परिजन तुरंत उसे सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज कराया गया। सौम्या की मां ममता धीमान ने बताया कि सेक्टर-11 में इन कुत्तों की दहशत इतनी है कि लोगों का पैदल निकलना दूभर हो गया है। राहगीरों को देखते ही ये कुत्ते भौंकते हुए काटने को दौड़ते हैं। पहले भी कई बार ये लोगों पर झपट चुके हैं, जिसके डर से कई स्थानीय निवासियों ने अपना रास्ता तक बदल लिया है। ममता धीमान का आरोप है कि इन तीनों आक्रामक कुत्तों की देखभाल और पालन-पोषण सेक्टर-11 में रहने वाले एक कर्नल के घर पर किया जाता है। घटना के बाद जब परिजन शिकायत लेकर कर्नल के घर पहुंचे, तो उन्होंने महज माफी मांगकर पल्ला झाड़ लिया।

Source: Source