फतेहाबाद में नगर पालिका कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल चार दिन और बढ़ा दी है। अब कर्मचारी 15 अगस्त तक काम नहीं करेंगे। कर्मचारी पिछले छह दिनों से हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। बारिश के चलते सफाई व्यवस्था की स्थिति और खराब हो गई है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस पर भी शहर में गंदगी की समस्या बने रहने की आशंका है। नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश राणा ने हड़ताल बढ़ाने की जानकारी दी। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि लंबे समय से काम कर रहे कच्चे कर्मचारियों को करीब 9,200 रुपये मासिक वेतन मिल रहा है। कर्मचारियों ने नौकरी से हटाए जाने की आशंका भी जताई है। उन्होंने ठेकेदारों पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण के आरोप लगाए हैं। कर्मचारी नेताओं के मुताबिक सरकार को मांगों पर विचार के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उनका दावा है कि 13 मई को 22 में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन बाद में उन पर अमल नहीं किया गया। बातचीत के बावजूद ठोस नतीजा नहीं निकलने पर कर्मचारियों ने 6 अगस्त से दोबारा हड़ताल शुरू की थी।

Source: Source