छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कृषि विभाग ने एक मकान के बेसमेंट से बड़ी मात्रा में कीटनाशक और कृषि दवाएं जब्त की हैं। यह सामग्री बिना लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों के स्टॉक की जा रही थी। मामला लोखंडी इलाके का है, जहां सूचना मिलने पर कृषि विभाग की टीम ने छापा मारा। अधिकारियों को बेसमेंट में भारी मात्रा में कीटनाशक और उर्वरक मिले। शुरुआती जांच में कुछ दवाओं के एक्सपायर या नकली होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच और सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। विभाग ने जब्त दवाओं के कंपनी नाम, बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी तारीख की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। आशंका है कि यह कृषि सामग्री उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से अवैध तरीके से मंगाई गई थी। इसे बाद में बाजार में बेचने की तैयारी किए जाने की भी बात सामने आई है। जिस मकान से सामग्री मिली, वह गाजियाबाद निवासी आशु सिंह पाल का बताया गया है, जो कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद नहीं था। कृषि विभाग के अनुसार बरामद सामग्री की मात्रा टनों में है और उसकी गिनती व तौल जारी है। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस टीम को भी मौके पर भेजा। दस्तावेजों और जब्त सामग्री की जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। Source: Source Post navigation बरवाला में डेरे की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; बाइक चोरी में भी एक आरोपी पकड़ा पलवल रोडवेज डिपो में दो लिपिकों से मारपीट, बस चढ़ाने की कोशिश का आरोप; ड्राइवर-कंडक्टर पर केस