बलरामपुर जिले के सेवारी में देर रात मजदूरों से भरी पिकअप ट्रक से टकरा गई। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र में रात करीब दो बजे हुआ। पिकअप में सवार मजदूर सूरजपुर जिले से टमाटर की खेती के लिए शंकरगढ़ जा रहे थे। राजपुर-कुसमी मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप बाक्साइट लदे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हुए। मृतकों की पहचान रान साय, उदय कुमार और अमर साय के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इनमें कम से कम चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की वजह प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार बताई गई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए जाम लगा, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटाकर खुलवाया।

Source: Source