पलवल के होडल में नेशनल हाईवे-19 पर सड़क हादसे में 76 वर्षीय बुजुर्ग ओमप्रकाश की मौत हो गई। ओमप्रकाश अपने बेटे देवेंद्र के साथ सवारी का इंतजार कर रहे थे। दोनों 22 अगस्त को सामान खरीदने के लिए होडल आए थे। वे गोढोता चौक पर पुल के ऊपर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान पलवल की ओर से तेज रफ्तार बाइक वहां पहुंची। बाइक ने सड़क किनारे खड़े ओमप्रकाश को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ओमप्रकाश सड़क पर गिर गए और बाइक चालक भी गिर पड़ा। देवेंद्र तुरंत अपने पिता को इलाज के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान ओमप्रकाश ने दम तोड़ दिया। देवेंद्र ने हादसे के समय बाइक का नंबर नोट कर लिया था। होडल थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Source: Source