हिमाचल प्रदेश के रामपुर के ननखड़ी क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ कार्रवाई की है। थैली चकटी पंचायत में विभाग की टीम ने कायल की लकड़ी के 41 स्लिपर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई गुप्त सूचना मिलने के बाद की गई। सूचना के अनुसार क्षेत्र में अवैध रूप से काटी गई लकड़ी छिपाकर रखी गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने वन विभाग को तुरंत सूचित किया। वन विभाग की विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की। टीम ने सभी 41 स्लिपरों को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग अब अवैध कटान में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटा है। मामले में पुलिस को शिकायत देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। बरामदगी के बाद आसपास के जंगलों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। टीम कटान के स्थान, ठूंठ और अन्य संभावित साक्ष्यों की तलाश कर रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जंगल में और कितने पेड़ों को नुकसान पहुंचाया गया। वन विभाग के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद अवैध कटान के वास्तविक पैमाने का पता चलेगा और दोषियों पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source