फरीदाबाद में शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकराने के कारण ऑटो ड्राइवर समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा सेक्टर-58 के पास हुआ। ऑटो में सवार दोनों लोग दिल्ली के मायापुरी इलाके के रहने वाले थे। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ऑटो से ड्राइवर हरिंदर और उसमें सवार साथी दर्जीलाल को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी केवल सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि दर्जीलाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के हसनपुरा गांव का रहने वाला था। वह मशीन फिटर का काम करता था और काम के लिए अलग-अलग जिलों व राज्यों में जाता था। आने-जाने के लिए वह अक्सर हरिंदर का ऑटो किराए पर लेता था। शुक्रवार सुबह दोनों काम के सिलसिले में ऑटो से मथुरा गए थे। रात को दिल्ली लौटते समय सेक्टर-58 के पास हादसा हो गया। बताया गया कि अंधेरे में सड़क किनारे खड़ा ट्राला ड्राइवर को दिखाई नहीं दिया और ऑटो पीछे से उसमें जा घुसा। दर्जीलाल मायापुरी में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था और उसके बच्चों की शादी हो चुकी है। हरिंदर अविवाहित था और अपने चाचा मोहनलाल के साथ रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसका बड़ा भाई कुल्लू में नौकरी करता है। परिजनों के अनुसार, चाचा मोहनलाल ने दोनों भाइयों का पालन-पोषण किया था। हादसे की सूचना के बाद दोनों परिवारों में शोक छा गया। Source: Source Post navigation पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत: शादी की खरीदारी करने जा रहे 2 की मौत, 7 घायल रेवाड़ी बैंक चोरी मामले में ₹5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, अलीगढ़ से पकड़ा गया; दो दिन की पुलिस रिमांड पर